मनेंद्रगढ़ में फिजियोथेरेपी कॉलेज का होगा भूमिपूजन, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम

मनेंद्रगढ़ में फिजियोथेरेपी कॉलेज का होगा भूमिपूजन, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम
मनेन्द्रगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फिजियोथेरेपी कॉलेज के निर्माण कार्य का भूमिपूजन 3 अप्रैल 2026, शुक्रवार को सायं 4:00 बजे आमाखेरवा ग्राउंड में किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की लागत 1393.71 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।


स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके द्वारा भूमिपूजन संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत करेंगी।


इस अवसर पर भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष यशवंती सिंह, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष जानकी बाई तथा परसगड़ी क्षेत्र के सरपंच बुद्धु सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।


प्रस्तावित फिजियोथेरेपी कॉलेज न केवल क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।


कार्यक्रम के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा सभी क्षेत्र वासियों को आमंत्रित किया गया है।
यह पहल न केवल जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि मनेंद्रगढ़ को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!