चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी में बंग समाज द्वारा पहली बार आयोजित बैसाख (बंगाली नव वर्ष) उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, पारंपरिक नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। एनसीपीएच क्लब ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक झलक ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
बंग समाज चिरमिरी के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर राम नरेश राय शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथियों में बजरंगी शाही, थाना प्रभारी विजय सिंह और प्रणव चक्रवर्ती की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसईसीएल माइंस के सब एरिया प्रबंधक राजा राम शर्मा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात बंगाली संस्कृति को समर्पित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छोटे बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक नृत्य एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे आयोजन के दौरान संगीत और नृत्य ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बनाए रखा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपांकर चक्रवर्ती, विश्वनाथ विश्वास और भोतोष पाल का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन समीर देवनाथ ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम के दौरान दर्शक पूरे समय जुड़े रहे।
समापन अवसर पर कलाकारों एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से चिरमिरी में बंगाली समाज की एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया गया।

इस सफल आयोजन में बंग समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें अध्यक्ष दुलाल दे, सचिव संदीप चटर्जी, कोषाध्यक्ष प्रदीप विश्वास, गोपाल कर, नवीन साह, अमित पाल, मानिक लाल राय, काजल चौधरी, अभिजीत मुखर्जी, आशीष आटा, आशीष चौधरी, निर्मल शाह, चंचल दास, सुशील भूमि और नंदलाल चटर्जी सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
बंग समाज की इस पहल को चिरमिरी के नागरिकों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।
