मनेन्द्रगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को संबोधन संस्थान द्वारा वन मंडल मनेन्द्रगढ़ के सहयोग से गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) चंद्र कुमार अग्रवाल, रेंजर विश्वनाथ,जिला शिक्षा अधिकारी आर पी मिरे,नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, वीरेंद्र श्रीवास्तव, रामचरित द्विवेदी,संजय सिंह सेंगर,पार्षद अनिल प्रजापति, जमील शाह, गिरधर जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा, परमेश्वर सिंह, पुष्कल तिवारी, जलील शाह गौरव अग्रवाल, प्रिया विश्वकर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएफओ चंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। वन विभाग द्वारा भी लगातार वृक्षारोपण और वन संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी अपील की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी के फेफड़े हैं। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
स्वप्निल सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। वहीं वीरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
