चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग तेज, सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री को लिखा पत्र


मनेंद्रगढ़ चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग तेज, सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री को लिखा पत्र क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को उठाते हुए कोरिया लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11751/11752) को प्रतिदिन संचालित करने की मांग की है। इस पहल को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है।


सांसद महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस इस पूरे अंचल के लिए एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है, जिस पर हजारों यात्री प्रतिदिन निर्भर रहते हैं। कोविड-19 महामारी से पहले यह ट्रेन नियमित रूप से प्रतिदिन संचालित होती थी, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलती थी। लेकिन वर्तमान में इसका संचालन सीमित दिनों में होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन का संचालन पुनः प्रतिदिन शुरू किया जाए। इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा।


इस मुद्दे पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने सांसद की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि यह मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है और लंबे समय से लोग इसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।


वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ शहर सौरव मिश्रा ने भी कहा कि चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस का नियमित संचालन क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के प्रतिदिन चलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों का जीवन आसान होगा।


अब देखना यह होगा कि केंद्र सरकार इस जनभावना से जुड़े मुद्दे पर कब तक निर्णय लेती है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस मांग के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक पहल होगी।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!