मनेन्द्रगढ़। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में किशोर एवं कन्या भारती शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। विद्यालय के सभागार में आयोजित इस समारोह में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ पद एवं दायित्व की शपथ ली। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुंदर लाल दुग्गड़ ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समिति के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्रा, नीरज अग्रवाल, उत्तम दुग्गड़, पदमचंद अग्रवाल, राम चरित द्विवेदी , पीयूष अग्रवाल, अनिरुद्ध शुक्ला, महेंद्र अग्रवाल, प्रधानाचार्य विनोद कुमार शुक्ला एवं चेतन गोयल उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय के नव-निर्वाचित किशोर एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवनभर निभाए जाने वाले दायित्वों का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समय की पाबंदी, ईमानदारी और सेवा की भावना को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक और राष्ट्र के कर्णधार बनेंगे। यदि विद्यार्थी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे तो देश निश्चित रूप से विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने विद्यालय की संस्कारप्रधान शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संगठन कौशल तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुंदर लाल दुग्गड़ ने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा दी। अतिथियों ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती नीतू सिंह द्वारा किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला।
