एमसीबी महिला मोर्चा ने सैनिक भाइयों के लिए भेजी राखियां, देश की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति जताया सम्मान

सरहदों के प्रहरियों के लिए एमसीबी से भेजा गया बहनों का प्यार: भाजपा महिला मोर्चा ने सैनिक भाइयों के लिए भेजी राखियां

मनेन्द्रगढ़। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एमसीबी जिला द्वारा देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए राखियां भेजी गईं। इस पहल के माध्यम से महिला मोर्चा की बहनों ने सैनिकों के प्रति भाईचारे, स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए सैनिक भाइयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देशानुसार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले के मार्गदर्शन में किया गया। महिला मोर्चा की बहनों ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। वे अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उनके लिए राखी भेजना भावनात्मक रूप से सैनिकों से जुड़ने का एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पटवा ने कहा कि सैनिक देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। रक्षाबंधन पर उनके लिए राखी भेजकर महिला मोर्चा की बहनें यह संदेश देना चाहती हैं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का त्याग और समर्पण प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सरगुजा संभाग प्रभारी महिला मोर्चा किरण मरकाम ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की वजह से ही हम अपने घरों में सुरक्षित रहकर त्योहार मना पाते हैं। उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वहीं सह प्रभारी रजनी तिवारी ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना से भी जुड़ी है। सैनिकों के लिए भेजी गई राखियां इसी भावना को प्रदर्शित करती हैं।

जिला प्रभारी संतोषी दीवान ने कहा कि सैनिकों का जीवन त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। रक्षाबंधन के अवसर पर उनके लिए राखियां भेजकर महिला मोर्चा की बहनों ने अपने स्नेह और सम्मान को उन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। सहप्रभारी विभा नरहेल ने भी सैनिकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा में जवानों की भूमिका सर्वोपरि है और उनके सम्मान में किए जाने वाले ऐसे प्रयास समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की बहनों मीनू पटेल, गीता पासी, उर्मिला राव, अंजना विश्वकर्मा, रत्ना शर्मा, कुसुम जायसवाल, मनप्रीत कौर, नीतू मनहारे एवं रेनू सिंह सहित महिला मोर्चा की अन्य बहनें उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सैनिक भाइयों के लिए राखियां भेजते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। महिला मोर्चा की बहनों ने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर राखी भेजना उनके लिए गर्व का विषय है। यह पहल सैनिकों और समाज के बीच भावनात्मक संबंध को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं एवं आम नागरिकों में राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना को भी प्रेरित करती है।

एमसीबी महिला मोर्चा की इस पहल को सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने वाली सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!