सियान जतन दिवस पर लायंस क्लब प्राइड मनेंद्रगढ़ की सराहनीय पहल, वृद्धजनों को बांटी गई छड़ियां 🦯
लेदरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लेदरी में “सियान जतन दिवस” के अवसर पर लायंस क्लब प्राइड मनेंद्रगढ़ द्वारा एक प्रेरणादायक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वृद्धजनों को सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से छड़ी (🦯) का वितरण किया गया, जिससे उनके दैनिक जीवन को सरल और सुरक्षित बनाया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, हितग्राही एवं क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उन्हें छड़ी भेंट की और उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और संस्कारों के अमूल्य भंडार हैं, जिनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ आने वाली शारीरिक कठिनाइयों को कम करना और बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाना रहा। छड़ी प्राप्त कर वृद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लायंस क्लब के प्रति आभार जताया। खास बात यह रही कि 102 वर्षीय सुखवारिया जी को भी इस दौरान छड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राणा के साथ ही क्लब की वरिष्ठ सदस्य लायन इंदिरा सेंगर, संगीता शर्मा, अध्यक्ष लायन पूनम सिंह, सोमा आचार्य, रजनी अग्रवाल, ममता राना, डॉ. मंजुलिका करण, सुधा सोनी, पूजा श्रीवास्तव, प्रियंका अग्रवाल, सोनिया कालरा, रूपा पोद्दार, अल्पा अग्रवाल, अंशु अग्रवाल एवं अरुणा अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
इस आयोजन के माध्यम से समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
