हरियाली तीज पर अहिंसा भवन में सजा उल्लास का रंग, आदर्श महिला मंडल ने मनाया भव्य उत्सव

हरियाली तीज पर अहिंसा भवन में सजा उल्लास का रंग, आदर्श महिला मंडल ने मनाया भव्य उत्सव

मनेन्द्रगढ़। श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर आदर्श महिला मंडल द्वारा अहिंसा भवन में हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिला मंडल की सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत तीज पर्व की महत्ता और भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा के साथ हुई। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान एवं श्रृंगार के साथ उत्सव में भाग लिया। तीज के गीतों और आपसी मेल-मिलाप के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन का आनंद उठाया।

इस अवसर पर आदर्श महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रत्ना जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हरियाली तीज केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी महिलाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना जैन ने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति की पहचान हैं और इन्हें सामूहिक रूप से मनाने से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ऐसे आयोजन और अधिक सार्थक एवं यादगार बनते हैं।

वहीं पार्षद श्रीमती कृतिका जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय परंपराओं में तीज जैसे पर्व महिलाओं के उत्साह, उमंग और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में इस तरह के आयोजन महिलाओं को कुछ समय अपने लिए निकालने और आपसी संवाद बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आदर्श महिला मंडल द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मनोरंजक खेलों का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बालिका मंडल का भी सराहनीय योगदान रहा। बालिकाओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करने के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर आदर्श महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रत्ना जैन, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती शुभ्रा जैन, श्रीमती संगीता जैन, श्रीमती वर्णमाला जैन, पार्षद श्रीमती कृतिका जैन सहित बालिका मंडल से कुमारी पीहू जैन, कुमारी जिया एवं कुमारी अंजली जैन की सक्रिय सहभागिता रही।

आयोजकों ने कहा कि हरियाली तीज का यह आयोजन महिलाओं में उत्साह, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने वाला रहा। कार्यक्रम के दौरान अहिंसा भवन में उल्लास और उमंग का वातावरण बना रहा तथा सभी ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!