Manendragarh News। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित हास्य योग प्रशिक्षण शिविर में मनेन्द्रगढ़ के योग साधकों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 19 से 22 मार्च तक आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से आए योग प्रेमियों को प्रशिक्षित किया गया, जिसमें मनेन्द्रगढ़ की भागीदारी खास रही।
इस शिविर में हास्य योग सेवा समिति, मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष जसवीर सिंह कालरा सहित चार अन्य सदस्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत योग के राष्ट्रीय गुरु जितेंद्र कोही द्वारा सभी प्रतिभागियों की परीक्षा ली गई, जिसमें सफल होने पर उन्हें योग शिक्षक के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मनेन्द्रगढ़ से शामिल प्रतिभागियों में समिति के अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह कालरा,उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सचिव आर पी त्रिपाठी, सदस्य जुगल किशोर केसरवानी तथा शुभांकर चक्रवर्ती शामिल रहे। इन सभी को प्रशिक्षण देकर योग शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान गुरु जितेंद्र कोही ने “हंसता भारत, स्वस्थ भारत” के उद्देश्य को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए नव-नियुक्त शिक्षकों से आह्वान किया कि वे समाज में हास्य योग को बढ़ावा दें और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।

उल्लेखनीय है कि हास्य योग सेवा समिति देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मनेन्द्रगढ़ के इन योग साधकों की उपलब्धि न केवल क्षेत्र का मान बढ़ाती है, बल्कि आने वाले समय में स्वास्थ्य और खुशहाली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
