संस्कार, सुरक्षा और सृजन का संगम: लिटिल मिलेनियम में नन्हे हाथों ने बिखेरे दीपावली के रंग


​मनेन्द्रगढ़। स्थानीय लिटिल मिलेनियम प्रीस्कूल में दीपावली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धज कर पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों से पूरा विद्यालय प्रांगण खिल उठा और चारों ओर उत्सव की अनूठी छटा बिखर गई।

​कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यालय की चीफ लर्निंग ऑफिसर (सीएलओ) स्मृति गुप्ता, कोऑर्डिनेटर निशी विश्वकर्मा एवं सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों को दीपोत्सव के पौराणिक, धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व से विस्तारपूर्वक परिचित कराया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को कथा सुनाते हुए बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जब लंका पर विजय प्राप्त कर माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के साथ चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण करके अयोध्या लौटे थे, तब समस्त अयोध्यावासियों ने उनके स्वागत में पूरी नगरी को घी के दीपों से जगमगा दिया था। प्रभु श्री राम के आगमन की उसी पावन खुशी में प्रतिवर्ष दीप जलाकर दीपावली का यह महापर्व मनाया जाता है। इसके अलावा बच्चों को श्री गणेश-लक्ष्मी के पूजन का विधान, आपस में मिठाइयाँ व प्रसाद बाँटकर खुशियाँ साझा करने और बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लेने के संस्कार सिखाए गए।

​शिक्षिकाओं ने बच्चों को पटाखे जलाते समय बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में भी समझाया कि हमेशा बड़ों की मौजूदगी और सहायता से ही पटाखे जलाने चाहिए। विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए विशेष रूप से सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने की व्यवस्था की गई थी, जहाँ प्रत्येक बच्चे ने अपनी शिक्षिकाओं के साथ मिलकर पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ पटाखे जलाए और खूब मस्ती की।

​उत्सव के दौरान बच्चों के कॉग्निटिव विकास और कल्पनाशक्ति को बढ़ावा देने के लिए क्लास वाइज अलग-अलग टॉपिक पर क्रिएटिव प्रतियोगिता रखी गई थी। इसमें प्ले ग्रुप के लिए दीया डेकोरेशन, नर्सरी के लिए कलश डेकोरेशन, केजी-1 के लिए थाली डेकोरेशन तथा केजी-2 के लिए रंगोली मेकिंग का टॉपिक दिया गया था। नन्हे हुनरमंदों ने अपने क्रिएटिव माइंड का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मिट्टी के दीयों, कलशों, पूजन थालियों और रंगोलियों को मनमोहक अंदाज में सजाया। बच्चों की इस अद्भुत कलाकारी ने सभी शिक्षकों का मन मोह लिया।

​प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
​प्ले ग्रुप (दीया डेकोरेशन): श्रेयांसी सिंह ने प्रथम, कायरव रजक ने द्वितीय तथा इशांक शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
​नर्सरी – सेक्शन ‘ए’ (कलश डेकोरेशन): नित्या तिग्गा प्रथम रहीं। द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से रेयांश गुप्ता व इनसिया रहे, वहीं तृतीय स्थान पर काशवी अग्रवाल व प्रणवी पाटिल रहीं।
​नर्सरी – सेक्शन ‘बी’ (कलश डेकोरेशन): रेयांश सोंदिया ने प्रथम, स्वास्ती सांडिलिया ने द्वितीय एवं अयांश सोनी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
​केजी-1 – सेक्शन ‘ए’ (थाली डेकोरेशन): शिवांसी चक्रधारी प्रथम, अंशिका सिंह द्वितीय और शानवी शाह तृतीय स्थान पर रहीं।
​केजी-1 – सेक्शन ‘बी’ (थाली डेकोरेशन): भाव्या गुप्ता ने प्रथम, शानवी सोनी ने द्वितीय तथा नियति जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
​केजी-2 (रंगोली मेकिंग): अदिति गुप्ता प्रथम, मायरा एमजी भारद्वाज द्वितीय एवं अमन सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

​कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता बच्चों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर स्कूल के संचालक मो. फिरोज मंसूरी ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए सीख दी कि यह पावन पर्व हमें अपने जीवन में ज्ञान, सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। पूरा आयोजन संचालक के कुशल मार्गदर्शन एवं सुपरविजन में स्कूल के बच्चों, शिक्षकों और सहयोगी दीदियों की सहभागिता के साथ अत्यंत सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!