विश्व टीबी दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में टीबी चैंपियनों का सम्मान, जागरूकता सप्ताह के साथ जनभागीदारी बढ़ी

मनेन्द्रगढ़। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर सीएचएम कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत “टीबी चैंपियन सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हसदेव क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई ने की, जबकि यह आयोजन क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर टीबी चैंपियन रोगी सम्मान पुरस्कार श्रीमती यास्मीन बी (वार्ड आया, सीएचएम) को प्रदान किया गया, जिन्होंने सफलतापूर्वक टीबी का उपचार पूर्ण किया। उन्हें प्रमाण पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, टीबी योद्धा डॉक्टर पुरस्कार डॉ. सुमन पाल (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचएम) को टीबी निदान एवं देखभाल में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डॉक्टरों, कर्मचारियों, नर्सिंग छात्रों एवं रोगियों सहित लगभग 80 लोगों की सहभागिता रही। इस दौरान 18 से 23 मार्च तक “टीबी जागरूकता सप्ताह” भी मनाया गया, जिसके अंतर्गत केंद्रीय अस्पताल मनेन्द्रगढ़ द्वारा रैली, स्वास्थ्य शिविर एवं पर्चे वितरण जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित किया गया।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!