कोरिया :- “घबराएं नहीं, भरपूर है ईंधन” : सीएम का सख्त संदेश—जमाखोरी-कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई तय


कोरिया। प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर जिलेवार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचते हुए नागरिक सामान्य रूप से आवश्यक वस्तुओं का उपयोग करें।


मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अनावश्यक भंडारण से बचने और जिम्मेदारी के साथ संसाधनों के उपयोग की अपील की, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।


जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा प्रतिदिन स्टॉक और वितरण की निगरानी की जा रही है। अवैध भंडारण और दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल—नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन—के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था संतुलित बनी रहे।


पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने गैस एजेंसियों और दुकानों को पारदर्शी वितरण के निर्देश देते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जिम्मेदारी से आवश्यक वस्तुओं का उपयोग करें।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!