अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता के लिए उड़ान सेवा शुरू
अंबिकापुर:
सरगुजा संभाग के लिए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बड़ी सौगात मिल गई है। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा आज 30 मार्च से शुरू हो चुकी है। पहली उड़ान दोपहर 12 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए उड़ी, जो लगभग 2:30 बजे दिल्ली पहुंच चुकी है । इस ऐतिहासिक पहली उड़ान में सरगुजा सांसद भी सवार हुए, जिससे इस शुरुआत को और खास बना दिया।
नई हवाई सेवा के शुरू होने से पूरे सरगुजा संभाग में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से बंद पड़ी एयर कनेक्टिविटी अब फिर से बहाल हो गई है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब क्षेत्र के लोगों को राजधानी दिल्ली या महानगर कोलकाता जाने के लिए लंबी और थकाऊ यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर द्वारा यह सेवा मां महामाया एयरपोर्ट से सप्ताह में चार दिन संचालित की जाएगी। दिल्ली के लिए उड़ान सोमवार और बुधवार को चलेगी, जबकि कोलकाता के लिए गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट उपलब्ध रहेगी। यह उड़ान 72 सीटर ATR विमान के जरिए संचालित की जा रही है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और किराया लगभग 6 से 7 हजार रुपए के बीच रखा गया है, जिससे आम यात्रियों के लिए भी हवाई यात्रा अब काफी हद तक सुलभ हो सकेगी।
इस नई सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी आने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सरगुजा के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
हवाई सेवा के फिर से शुरू होने से अंबिकापुर अब सीधे देश के बड़े शहरों से जुड़ गया है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई उड़ान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
