जांजगीर-चांपा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक रात में 90 वारंटी गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा जिले में बीती रात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ना और जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना था।


पुलिस द्वारा रातभर चलाए गए इस विशेष अभियान में उल्लेखनीय सफलता मिली। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 90 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें कई ऐसे आरोपी शामिल थे जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित थे।


विशेष रूप से डकैती के एक मामले में फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को थाना बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह मामला थाना सीपत क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसके चलते दोनों आरोपियों को बिलासपुर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा पुलिस ने लूट, चोरी, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में फरार चल रहे कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 91 लीटर से अधिक अवैध कच्ची महुआ शराब एवं देशी प्लेन शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वाले पांच असामाजिक तत्वों के खिलाफ थाना जांजगीर पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


इस व्यापक अभियान के लिए जिले के सभी थानों से तीन-तीन एवं चार-चार टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में समन्वित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को प्रोत्साहित करने हेतु इनाम देने की भी घोषणा की गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!