रिश्वतखोर कृषि अधिकारी गिरफ्तार

सरगुजा. जिले के अंबिकापुर से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां एसीबी की टीम ने कृषि विभाग में पदस्थ एक कृषि विकास अधिकारी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी का नाम सोहनलाल भगत है, जो कृषि विकास अधिकारी के साथ-साथ बीज निरीक्षक का प्रभार भी संभाल रहा था। आरोप है कि उसने हैदराबाद की एक बीज कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर अजीत कुमार कश्यप पर दबाव बनाते हुए 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

दरअसल, संबंधित बीज कंपनी द्वारा मक्का बीज की सप्लाई बाजार में की गई थी, जबकि बचा हुआ स्टॉक अगस्त माह में एक कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया था। इसी दौरान सोहनलाल भगत ने भंडारण प्रक्रिया में खामियां बताते हुए एकतरफा कार्रवाई की धमकी दी और मामले को दबाने के एवज में मोटी रकम की मांग कर डाली।

लगातार दबाव और धमकी से परेशान होकर प्रार्थी अजीत कुमार कश्यप ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। योजना के तहत प्रार्थी को 1 लाख रुपये की पहली किस्त देकर आरोपी के पास भेजा गया।

जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।

इस पूरी कार्रवाई के बाद कृषि विभाग में हड़कंप की स्थिति है, वहीं एसीबी की इस सख्त कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब सख्ती बढ़ गई है और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!