स्कूलों में प्रार्थना नियमों में बदलाव

रायपुर.स्कूलों में प्रार्थना नियमों में बदलाव छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब स्कूलों में पढ़ाई की शुरुआत और मिड-डे मील वितरण से पहले विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से मंत्रों का पाठ करना होगा। राज्य सरकार ने 16 जून से लागू होने वाले नए सत्र के लिए प्रार्थना सभा के नियमों में संशोधन किया है।

राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब सभी सरकारी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा एक निर्धारित क्रम में आयोजित की जाएगी। इसकी शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से होगी। इसके बाद दीप वंदना, सरस्वती वंदना और गुरु मंत्र का सामूहिक पाठ कराया जाएगा। यह व्यवस्था राज्य के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी।


सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। साथ ही, बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आध्यात्मिक सोच का विकास करना भी इसका मुख्य लक्ष्य बताया जा रहा है।
इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था के तहत बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रार्थना सभा में किए गए ये बदलाव विद्यार्थियों के मानसिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास में सहायक होंगे। साथ ही इससे उनमें एकाग्रता और सकारात्मक सोच भी बढ़ेगी।


हालांकि, इस निर्णय को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कुछ लोग इसे भारतीय संस्कृति से जुड़ाव का सकारात्मक कदम बता रहे हैं, तो कुछ इसे शिक्षा के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप के संदर्भ में चर्चा का विषय मान रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश जारी कर दिए हैं कि नए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रार्थना सभा के संचालन के लिए शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
नए सत्र से लागू होने वाले इस फैसले का असर राज्य के लाखों विद्यार्थियों पर पड़ेगा और यह देखना दिलचस्प होगा कि यह पहल व्यवहारिक रूप में किस तरह लागू होती है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!