हाथी के हमले से युवक की दर्दनाक मौत, कोटबहरा जंगल में हुई घटना

सूरजपुर.जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वन परिक्षेत्र सूरजपुर के कोटबहरा जंगल की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय केशव, निवासी कोटबहरा गांव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, केशव रोज की तरह काम खत्म कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जंगल के रास्ते में अचानक हाथी से उसका सामना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाथी ने युवक को पहले पटक दिया और फिर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है। वन अधिकारियों ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी है। गौरतलब है कि इन दिनों वन मंडल सूरजपुर के प्रतापपुर और सूरजपुर वन परिक्षेत्रों के सीमावर्ती इलाकों में हाथियों का एक दल सक्रिय है। यह दल लगातार इलाके में घूम रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की बढ़ती गतिविधियों के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में भी खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की मांग की है।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। साथ ही, लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और जंगल क्षेत्रों में जाने से पहले वन विभाग की सूचना का पालन करें।
यह घटना एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर करती है, जिस पर तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!