बैकुंठपुर (कोरिया)। जिले में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुप्रतीक्षित कोरिया प्रीमियर लीग (KPL)-2026 का आगाज़ रविवार 26 अप्रैल से होने जा रहा है। यह रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता स्थानीय रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुंठपुर में आयोजित की जाएगी,

जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ शाम 7 बजे होगा। उद्घाटन मैच में नाइट राइडर सूरजपुर और सिरसी इलेवन भैयाथान के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। प्रतियोगिता 15 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें कुल 32 टीमों को ही प्रवेश दिया गया है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,51,000 रुपए का आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, वहीं उपविजेता टीम को 75,000 रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गए हैं, जिनमें मैन ऑफ द सीरीज को 11,000 रुपए, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को 5,100-5,100 रुपए तथा मैन ऑफ द मैच को 1,100 रुपए का इनाम दिया जाएगा।

आयोजन समिति “अपना कोरिया” द्वारा इस भव्य प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों का सहयोग भी मिल रहा है। प्रवेश शुल्क 11,000 रुपए निर्धारित किया गया है, जिसके लिए इच्छुक टीमें आयोजकों से संपर्क कर सकती हैं।
आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल आयोजन को सफल बनाएं। यह प्रतियोगिता न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई दिशा देगी।
