कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में पति द्वारा की गई मारपीट के बाद घायल पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच में पुलिस ने आरोपी पति की साजिश का पर्दाफाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सोनहत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनहत से सूचना प्राप्त हुई कि बॉबी नामक महिला की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक सूचना के बाद मृतिका के पति विशेष कुमार स्वयं थाना पहुंचा और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए बताया कि उसकी पत्नी की मौत उसके बेटे द्वारा मारपीट किए जाने के कारण हुई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी सोनहत ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित कर मामले की गहन पड़ताल शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों एवं आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए तथा उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पति के बयान और घटनाक्रम में कई विरोधाभास मिले। संदेह गहराने पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन आरोपी विशेष कुमार शराब के नशे में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी बॉबी के साथ विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घायल अवस्था में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पूरे मामले का दोष अपने बेटे पर मढ़ने की कोशिश की और पुलिस को झूठी जानकारी देकर गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की सूक्ष्म जांच और साक्ष्यों के आधार पर उसकी साजिश बेनकाब हो गई।
मामले का खुलासा करते हुए सोनहत पुलिस ने आरोपी विशेष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, सहायक उपनिरीक्षक हेमपाल सिंह, प्रधान आरक्षक अमर टोप्पो, महिला प्रधान आरक्षक लूना सिंह, आरक्षक रमेश यादव तथा आरक्षक केशव सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
