मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में शिक्षा अधिकारियों के तबादले एवं नवीन पदस्थापना संबंधी आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल का असर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले पर भी पड़ा है।
जारी आदेश के अनुसार वर्तमान में एमसीबी जिले में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत आर.पी. मिरे को संचालक लोक शिक्षण संचालनालय के विकल्प पर पदस्थ किया गया है। वहीं विवेकानंद यादव, जो वर्तमान में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, उदयपुर (जिला सरगुजा) में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस आदेश में राज्य के कई अन्य जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। आदेश के तहत बी.एल. देवांगन को महासमुंद, एम.जी. सतीश कुमार को रायपुर, विजय कुमार ताण्डे को सक्ती तथा रामेश्वर जायसवाल को बिलासपुर जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। इसी तरह जितेंद्र गुप्ता को कोरिया जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा जिलों में शैक्षणिक गतिविधियों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
एमसीबी जिले में नए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति को लेकर शिक्षा जगत में चर्चा का माहौल है। जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को उम्मीद है कि नए अधिकारी के नेतृत्व में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि जिला गठन के बाद से एमसीबी जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में नए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति को जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
