मनेंद्रगढ़ :- नगर के प्रतिष्ठित विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल में पद्मश्री राजमोहनी देवी जयंती के अवसर पर प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज सुधारकों के जीवन, नैतिक मूल्यों तथा व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी श्री परमेश्वर सिंह तथा सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी एवं साहित्यकार श्री पुष्कर लाल तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्री परमेश्वर सिंह का स्वागत विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती इन्द्रा सेंगर ने जबकि श्री पुष्कर लाल तिवारी का स्वागत विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक वी.एस. पाण्डेय ने तिलक एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।

अपने संबोधन में श्री परमेश्वर सिंह ने पद्मश्री राजमोहनी देवी के जीवन, समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान तथा उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ऐसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया।
श्री पुष्कर लाल तिवारी ने राजमोहनी देवी के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने इस अवसर पर “राम भजो भाई, गोविन्द भजो भाई” भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अपने उद्बोधन का समापन उन्होंने प्रेरणादायक पंक्तियों “ये राह नहीं है फूलों की, कांटे ही इस पर मिलते हैं।
लेकर दर्द जमाने का, हिम्मत वाले ही चलते हैं।” के साथ किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत गोल्डन ब्रेन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों हरि प्रसाद साकेत, आनन्द कुमार एवं सुभाष कुमार ने विद्यार्थियों को मानसिक एवं बौद्धिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने ई.सी.ओ. अर्ली चाइल्ड डेवलपमेंट, मेडिटेशन, ब्रेन पावर बढ़ाने की तकनीक, व्यवहार विकास तथा मानसिक एवं शारीरिक व्यायाम के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
राजमोहनी देवी जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय में ड्राइंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक राकेश मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं गोल्डन ब्रेन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों का विद्यार्थियों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था सचिव संजय सेंगर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम सोरेन ने किया।

