मनेन्द्रगढ़। उच्च रक्तचाप जागरूकता दिवस के अवसर पर चैनपुर स्थित ए.के. इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग द्वारा सोमवार को जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप यानी हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते इसके बचाव और उपचार के लिए प्रेरित करना था। रैली में संस्थान के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जागरूकता रैली संस्थान परिसर से प्रारंभ होकर जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः संस्थान पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। “नियमित जांच कराएं, उच्च रक्तचाप से बचें”, “स्वस्थ आहार और व्यायाम अपनाएं”, “तनाव मुक्त जीवन ही बेहतर जीवन” जैसे नारों के माध्यम से आमजनों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डायरेक्टर डॉ. ए.के. ओझा ने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च रक्तचाप आज के समय की एक गंभीर और तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, जंक फूड, शारीरिक गतिविधियों की कमी और नशे की प्रवृत्ति के कारण युवाओं में भी हाई ब्लड प्रेशर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

डॉ. ओझा ने कहा कि उच्च रक्तचाप को “साइलेंट किलर” कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण कई बार प्रारंभिक अवस्था में दिखाई नहीं देते, लेकिन यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी की बीमारी और अन्य गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, नमक का सीमित उपयोग करने तथा प्रतिदिन योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े होने के कारण समाज को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी उनकी है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
