मनेन्द्रगढ़ :- भगवान शिव की आराधना के पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर हनुमान चालीसा समिति के तत्वावधान में नागेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान समिति की महिला सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं और पूरे आयोजन को भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराया।
हनुमान टेकरी से निकली भव्य कलश यात्रा समिति के तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह सभी श्रद्धालु महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में श्री हनुमान टेकरी पर एकत्रित हुईं। यहाँ से पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ जल भरकर भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा नागेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुई। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे। शिव भक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा ने नगर के वातावरण को पूरी तरह से शिवमय कर दिया और स्थानीय लोग भी भावविभोर नजर आए।
सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के पश्चात महिलाओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की। इस दौरान महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ से केवल अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, प्रदेश और समूचे विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिव भजनों और संकीर्तन से गुंजायमान रहा।

हनुमान चालीसा समिति की प्रमुख डा. रश्मि सोनकर ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को यह धार्मिक आयोजन कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस परंपरा के माध्यम से महिलाओं में धार्मिक जागरूकता, सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और सामाजिक एकता का संदेश भी प्रसारित होता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

आयोजन में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति इस पुनीत अवसर पर डॉ. रश्मि सोनकर, शीला सिंह, नीलम सोनी, दीक्षा सोनी, रौशनी पनिका, पिंकी जायसवाल, सरिता पांडे, सरला एवं नीलिमा श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने एकजुट होकर विश्व कल्याण की कामना की।
