उद्योग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति के व्यवधान पर चैंबर ने जताई चिंता

उद्योग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति के व्यवधान पर चैंबर ने जताई चिंता

शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर DE-CSPDCL को सौंपा पत्र

मनेन्द्रगढ़। जिले के लालपुर, परसगढ़ी एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार हो रहे विद्युत व्यवधान को लेकर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता जताई है। औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चैंबर की जिला इकाई ने 5 सितंबर को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के अधिकारियों को पत्र सौंपा है।

चैंबर ने पत्र के माध्यम से बताया कि क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पिछले कुछ समय से बिजली आपूर्ति में बार-बार व्यवधान और अनियमितता का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से उद्योगों की उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे उद्यमियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों की कार्यक्षमता और रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि बार-बार बिजली गुल होने के कारण मशीनरी एवं उत्पादन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने में अतिरिक्त समय और लागत लगती है। इससे उद्योगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।

जिला चैंबर ने CSPDCL से आग्रह किया है कि संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का शीघ्र तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा बार-बार होने वाले फॉल्ट और व्यवधान के स्थायी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को यथासंभव निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

चैंबर ने विभाग द्वारा समस्या के निराकरण के लिए अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराने का अनुरोध किया है, ताकि उद्यमियों को वस्तुस्थिति की जानकारी मिल सके।

चेम्बर जिला अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, प्रदेश मंत्री संजीव ताम्रकार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन समेत चैंबर पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विभाग इस महत्वपूर्ण समस्या को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!