मनेन्द्रगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मनेन्द्रगढ़ के झगराखंड रोड स्थित श्री राधेकृष्ण मंदिर, वार्ड क्रमांक 14 में 4 सितंबर शुक्रवार को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नवयुवक यादव सेवा समिति द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे भगवान श्रीकृष्ण की आरती होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे धारातल मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे झांकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। वहीं रात 7 बजे से भक्ति जागरण का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भजनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करेंगे।
आयोजकों के अनुसार जन्माष्टमी के अवसर पर बाजार क्षेत्र में भी मटकी फोड़ कार्यक्रम रखा गया है। यह आयोजन विवेकानंद चौक, गांधी चौक और राम मंदिर के पास किया जाएगा। इससे नगर में पर्व का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।
भक्ति जागरण में दीपा अंबिकापुर, अमन म्यूजिकल ग्रुप और टीका राम यादव सहित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी श्रद्धालुओं और युवाओं में खासा उत्साह है।
नवयुवक यादव सेवा समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाने की अपील की है। समिति ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
