सूरजपुर में सड़क पर उतरे 4 दंतैल हाथी, लोगों की लापरवाही से बढ़ा खतरा

सूरजपुर. जिले के कल्याणपुर-खड़गवां मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक 4 दंतैल हाथी सड़क पर आ गए। जंगल से निकलकर सड़क पार करते इन विशालकाय हाथियों को देख राहगीरों और वाहन चालकों के बीच डर और उत्सुकता दोनों का माहौल देखने को मिला।


हाथियों के सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग अपनी गाड़ियां रोककर दूर से नजारा देखने लगे, लेकिन कुछ लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए हाथियों के बेहद करीब जाकर सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की कोशिश की।


इस दौरान कई लोग बिना किसी डर के हाथियों के पास पहुंचते नजर आए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। विशेषज्ञों के अनुसार दंतैल हाथी अत्यधिक आक्रामक हो सकते हैं और इस तरह की हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वनकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी और हाथियों को शांतिपूर्वक जंगल की ओर बढ़ने दिया।
करीब कुछ समय तक हाथी सड़क पार करते रहे, जिसके चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हालांकि वन विभाग की सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।


वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे हालात में धैर्य रखें और वन्य जीवों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हाथियों को उकसाने या उनके पास जाने से बचें, क्योंकि इससे जान का खतरा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!