स्वस्थ और प्रसन्न मनेन्द्रगढ़ की ओर बढ़ते कदम: 18वीं बटालियन के एरोबिक्स सत्र में उमड़ा जनसैलाब
कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा के मार्गदर्शन में 400 से अधिक लोगों ने किया अभ्यास; मेडल और कप से सम्मानित हुए नन्हें प्रतिभागी
मनेन्द्रगढ़ ‘स्वस्थ मनेन्द्रगढ़, प्रसन्न मनेन्द्रगढ़’ की भावना को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़ द्वारा आयोजित एरोबिक्स एवं जुम्बा सत्र आज रविवार को उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय स्वर्गीय श्री बिसातु दास महंत पार्क में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित लगभग 350 से 400 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
तनाव मुक्ति और फिटनेस का संगम
18वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और पतंजलि योग समिति के सहयोग से संचालित यह अभियान शहरवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बन गया है। कार्यक्रम में विशेष रूप से नए आगंतुकों को एरोबिक्स के आसान और प्रभावी स्टेप्स सिखाए गए। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सत्र न केवल शारीरिक फिटनेस बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने में भी मील का पत्थर साबित हो रहा है।
60 मिनट में 500 कैलोरी तक बर्न
प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा ने कहा, “मात्र 60 मिनट का एरोबिक्स या जुम्बा अभ्यास शरीर की 340 से 500 कैलोरी तक बर्न कर सकता है। यह कार्डियो-वैस्कुलर हेल्थ को सुधारने के साथ-साथ शरीर में बेहतर समन्वय स्थापित करता है। इससे एंडोर्फिन हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जिससे मन प्रसन्न रहता है।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और आम जनता के बीच संबंध और अधिक मजबूत होते हैं।
प्रतिभाशाली बच्चों का हुआ सम्मान
सत्र के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हें प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय एवं कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा ने पात्री पाटिल (प्रथम), ऋसिका कश्यप (द्वितीय), छविलाल, हंसिका, महक सिंह, शिवास गोस्वामी, दिव्यांश, कान्हा, सुव्रता, अक्षिका, अवन्तिका, यक्षिका, सुहाना, जानवी, प्रतीक, आरव, कार्तिक, रमन, शिबू, लिसा, हिमेश, अनमोल, समर, आर्यन, रिया और कीर्ति सहित अन्य बच्चों को कप एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को फलाहार वितरित किया गया।

प्रत्येक रविवार निःशुल्क सेवा
गौरतलब है कि यह एरोबिक्स प्रशिक्षण सत्र पूर्णतः निःशुल्क है। शहर का कोई भी नागरिक प्रत्येक रविवार सुबह 06:00 बजे पार्क में पहुंचकर इस स्वास्थ्यवर्धक अभियान का हिस्सा बन सकता है।
