प्रभु श्रीराम कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लिया संतों का आशीर्वाद
जशपुरनगर/कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। सालियाटोली मिनी स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र के वातावरण को राममय कर दिया है। कथा के पंचम दिवस पर विष्णुदेव साय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।

मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। आयोजन स्थल पहुंचकर दोनों ने परम पूजनीय चिन्मयानंद बापूजी से आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रीराम कथा का श्रवण किया। संत चिन्मयानंद बापूजी के श्रीमुख से प्रवाहित अमृतमयी कथा ने श्रद्धालुओं को भक्ति और भावनाओं से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीराम का चरित्र हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। संगीतमय प्रस्तुति और कथा वाचन ने लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
श्रीराम कथा महोत्सव के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिल रहा है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों का भी प्रसार हो रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन आगामी दिनों तक इसी भव्यता के साथ जारी रहेगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।
