खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

चांपा। खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार खाद्य विभाग रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई से नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान भीम कुमार पटेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम जरवे, थाना नगरदा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।


मामले में प्रार्थी यशवंत सिंह, निवासी गुरु नानक रेसिडेंसी, चांपा ने 8 अप्रैल 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता के मित्र टेकचंद राजपूत, जो कि लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, के माध्यम से उनकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को मंत्रालय रायपुर में उच्च स्तर पर संपर्क होने का दावा करते हुए खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।


आरोपी ने नौकरी दिलाने के एवज में कुल 15 लाख रुपये की मांग की थी। जिसमें से 7 लाख रुपये 15 जुलाई 2024 को यूनियन बैंक शाखा चांपा से आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में जमा कराए गए। शेष 8 लाख रुपये ज्वाइनिंग के बाद देने की बात तय हुई थी। आरोपी ने तीन महीने के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था।


समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो प्रार्थी द्वारा आरोपी से संपर्क किया गया। आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। दबाव बनाने पर 28 नवंबर 2025 को आरोपी ने फोनपे के माध्यम से मात्र 1 लाख रुपये वापस किए और शेष राशि बाद में लौटाने की बात कही। इसके बाद भी जब प्रार्थी ने शेष रकम की मांग की, तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और अपने ऊंचे संपर्कों का हवाला देते हुए धमकी भी दी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच प्रारंभ की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में अन्य पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!