मनेन्द्रगढ़.18वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ के दो अधिकारी बने डीएसपी, पाइपिंग सेरेमनी में सम्मानित छत्तीसगढ़ की 18वीं (विशेष भारत सुरक्षा) वाहिनी, चांपा में पदस्थ दो अधिकारियों को पदोन्नत कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बनाया गया है। इस उपलब्धि से पूरे विभाग में हर्ष का माहौल है। पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में कंपनी कमांडर अविनाश कुमार अग्निहोत्री एवं कंपनी कमांडर देवनारायण सिंह शामिल हैं, जिन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
दोनों अधिकारियों ने वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी और लगभग 18 वर्षों तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सराहनीय कार्य किया। उनकी सेवाओं और समर्पण को देखते हुए राज्य शासन द्वारा दिनांक 30 मार्च 2026 को उन्हें डीएसपी पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि दोनों अधिकारी प्लाटून कमांडर एवं कंपनी कमांडर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने विषम परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

इस हेतु आयोजित पाइपिंग सेरेमनी में कमांडेंट संजय शर्मा ने दोनों अधिकारियों को स्टार लगाकर डीएसपी रैंक से सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे, जिससे समारोह का माहौल और भी भावुक व गौरवपूर्ण हो गया।
समारोह के दौरान कमांडेंट श्री शर्मा ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ करते रहेंगे।
इस उपलब्धि से न केवल विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण बना हुआ है.

