मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलोखन में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक वैवाहिक समारोह की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर नृशंस हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
शादी की खुशियों के बीच मची चीख-पुकार
मिली जानकारी के अनुसार, समखेरवानी निवासी छोटू पनिका अपनी पत्नी के साथ ग्राम तिलोखन में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के दौरान ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने आवेश में आकर कमरे के भीतर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन विवाह समारोह में मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घटना की सूचना तत्काल थाना केल्हारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
