महासमुंद। महासमुंद में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 312 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 312 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने नेशनल हाईवे-53 पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में छुपाकर रखे गए गांजा का खुलासा हुआ।
तस्करों ने बड़ी चालाकी से गांजा को ट्रक में फैक्ट्री के लिए ले जाए जा रहे केमिकल के नीचे छिपा रखा था। जांच में पता चला कि 15 बोरियों में गांजा भरकर रखा गया था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। हालांकि सतर्कता और सटीक सूचना के चलते पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से मुंबई, महाराष्ट्र ले जा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
सिंघोड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को महासमुंद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
