राजधानी में सनसनी: महिला आरक्षक की फांसी पर लटकी मिली लाश, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस


रायपुर। राजधानी रायपुर के आज़ाद चौक थाना क्षेत्र स्थित पुलिस क्वार्टर में शनिवार रात एक महिला आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जो पुलिस कॉलोनी में निवासरत थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।


बताया जा रहा है कि जब लंबे समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों और सहकर्मियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर महिला आरक्षक की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही आज़ाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या किसी साजिश के तहत हत्या। पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्यों को एकत्र किया जा सके।


घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और चिंता का माहौल है। मृतका के सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिलने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।


आज़ाद चौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और राजधानी में कानून-व्यवस्था तथा पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!