बोरे में बंद मिली 5 साल की मासूम

दुर्ग। बोरे में बंद मिली 5 साल की मासूम जिले के उतई थाना क्षेत्र के बंजारी पारा में उस समय सनसनी फैल गई, जब 5 साल की एक मासूम बच्ची बोरे में बंद हालत में कुएं के पास मिली। बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा हुआ था और वह अचेत व बेहद डरी हुई अवस्था में पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच गांव के कुछ युवक खंडहर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्हें एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। बोरे के भीतर से बच्ची का पैर नजर आने पर युवकों ने तत्काल बोरा खोला, जहां मासूम बच्ची बंद हालत में मिली।


घटना की सूचना तुरंत उतई थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बच्ची सदमे में है और फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।


पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक संदेही को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अपहरण और दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी नाबालिक के पड़ोस में ही रहता है. बच्ची जब स्कूल से लौट रही थी तो उसने चॉकलेट खिलाने के बहाने बालिका को घर लेजाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.


घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। देर रात बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया। लोगों ने दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!