कोरबा:- एसईसीएल (SECL) की दीपका खदान से उड़ रही कोयले की जानलेवा धूल अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर मुसीबत बन गई है। दीपका क्षेत्र की सड़कों पर दिनभर कोल डस्ट का गुबार किसी घने कोहरे की तरह छाया रहता है। लगातार शिकायतों और पूर्व में दिए गए नोटिस की अनदेखी के बाद, आखिरकार छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने औचक निरीक्षण कर खदान प्रबंधन की घोर लापरवाही का पर्दाफाश किया है।
निरीक्षण में सामने आईं प्रमुख लापरवाहियां:
- धूल की मोटी परत: थाना चौक से श्रमिक चौक तक सड़क किनारे कोयले की धूल का भारी अंबार मिला।
- शोपीस बने उपकरण: प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर और व्हील वाशिंग सिस्टम पूरी तरह से बंद पड़े पाए गए।
- कागजी खानापूर्ति: ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा पानी का छिड़काव सिर्फ कागजों तक सीमित मिला।
- सूखे कोयले की लोडिंग: चैनपुर-गांधीनगर से लगी दीपका रेलवे साइडिंग में बिना पानी छिड़के धड़ल्ले से सूखे कोयले की लोडिंग की जा रही थी, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार उठ रहा था।
आम जनजीवन पर पड़ रहा भारी असर
भारी वाहनों के आवागमन से उड़ती धूल सीधे लोगों के घरों और बाजारों में घुस रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलना या वाहन चलाना दुश्वार हो गया है। इस खतरनाक प्रदूषण के कारण क्षेत्र में सांस और फेफड़ों से संबंधी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

पर्यावरण मंडल की कड़ी चेतावनी
पर्यावरण क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्न सोनकर के नेतृत्व में हुई इस जांच के बाद टीम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
”निरीक्षण में नियमित जल छिड़काव न होने और भारी मात्रा में डस्ट उत्सर्जन की गंभीर समस्या सामने आई है। सिर्फ कागजों पर पानी छिड़काव दिखाकर प्रदूषण को नियंत्रित नहीं किया जा सकता।”
मंडल ने खदान प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने और प्रभावी जल छिड़काव व्यवस्था लागू करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

बड़ा सवाल: करोड़ों टन कोयला निकालकर मुनाफा कमाने वाली यह महात्वाकांक्षी परियोजना आखिर स्थानीय जनता को प्रदूषण नियंत्रण के बुनियादी इंतजाम तक क्यों नहीं दे पा रही है? फिलहाल, दीपका की जनता इस प्रशासनिक और औद्योगिक लापरवाही के बीच घुट-घुट कर जीने को मजबूर है।
