नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में जनकपुर पुलिस को बड़ी सफलता
मनेंद्रगढ़/जनकपुर। लंबे समय से फरारी काट रहे गंभीर अपराध के आरोपी पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया। जनकपुर पुलिस ने वर्ष 2012 से फरार चल रहे अपहरण और पॉक्सो एक्ट के आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन तक पहुंचने में सफलता मिली।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जनकपुर थाना प्रभारी विजय सिंह ने इस पुराने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पन्ना जिले के गुन्नौर में उसकी मौजूदगी की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई। टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। करीब 14 वर्षों से लंबित इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार वर्ष 2012 में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत जनकपुर थाने में दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। बाद में 27 नवंबर 2014 को पुलिस ने बालिका को बरामद किया।
विवेचना के दौरान बालिका के बयान के आधार पर मामले में आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू पिता राममिलन, निवासी देवेंद्र नगर बड़पारा, गुन्नौर, जिला पन्ना (मप्र) के खिलाफ शादी का झांसा देकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में धारा 366(क), 376 भादवि के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था।
न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद जनकपुर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड मिलने पर उसे उपजेल मनेंद्रगढ़ दाखिल करा दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह के साथ प्रधान आरक्षक संदीप बागिस (228) और प्रधान आरक्षक संजय कुमार पाण्डेय (57) की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस टीम की लगातार मेहनत और पुराने मामले में आरोपी की तलाश जारी रखने के प्रयासों के बाद आखिरकार 14 वर्ष पुरानी फरारी का अंत हुआ।
