मनेन्द्रगढ़। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर अपने परिवार और मित्रों के साथ उत्सव मनाते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो अपनी खुशियां जरूरतमंद और वंचित बच्चों के साथ साझा कर समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं। इसी भावना के साथ नन्हीं नितांशी के दूसरे जन्मदिन के अवसर पर उनके परिवारजनों एवं करीबी लोगों ने बड़का बहरा संकुल के अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर 500 से अधिक बच्चों को न्योताभोज कराया।

इस अवसर पर बच्चों को भोजन कराने के साथ-साथ खिलौने, स्कूल शूज सहित अन्य उपहार भी भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस पहल से स्कूलों में भी उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
नितांशी के परिवारजनों ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के बीच खुशियां बांटने का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना भी है। इसी सोच के साथ बड़का बहरा संकुल के विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को न्योताभोज कराने और उनकी जरूरत से जुड़ी सामग्री भेंट करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर निखिल अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों के बीच खुशियां बांटने से बढ़कर जन्मदिन मनाने का कोई बेहतर तरीका नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि समाज में हम सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला छोटा सा प्रयास भी उनके जीवन में बड़ी खुशी का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि नितांशी के जन्मदिन को इस तरह मनाने का उद्देश्य परिवार की खुशी को अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान स्कूलों के शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अपनापन और सामाजिक सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों ने भी उपहार मिलने पर उत्साह के साथ खुशी व्यक्त की।
नितांशी के जन्मदिन के अवसर पर परिवारजनों और करीबी लोगों की मौजूदगी में आयोजित यह सेवा कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। जन्मदिन के पारंपरिक आयोजन से अलग बच्चों के साथ खुशियां साझा कर मनाया गया यह अवसर सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता का संदेश देता नजर आया। 500 से अधिक बच्चों को भोजन और उपहार प्रदान कर नितांशी के परिवार ने उसके दूसरे जन्मदिन को यादगार बना दिया।

