कोरबा: जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 (NH-130) पर शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार त्यागी का दुखद निधन हो गया। वे SECL गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक थे। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे सिंगरौली
अरुण कुमार त्यागी को हाल ही में पदोन्नत कर एसईसीएल में निदेशक तकनीकी (DT) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी नई पदस्थापना को जॉइन करने के लिए वे शुक्रवार को अपनी कार से सिंगरौली जा रहे थे। सफर के दौरान चोटिया के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक पार्सल वाहन से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस
हादसा इतना भयावह था कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार त्यागी को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद आनन-फानन में अपोलो अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस तेज रफ्तार को इस भीषण हादसे की मुख्य वजह मान रही है।
कुशल अधिकारी को खोने का गम
अरुण कुमार त्यागी एसईसीएल के सबसे अनुभवी, कुशल और लोकप्रिय अधिकारियों में गिने जाते थे। गेवरा क्षेत्र में महाप्रबंधक रहने के दौरान उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं ने रफ्तार पकड़ी थी। उनके असामयिक निधन से SECL प्रबंधन, कर्मचारियों और कोयला क्षेत्र से जुड़े तमाम लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
