कोरिया। सनातन आस्था, संस्कृति और गौरव के प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 11 मई 2026 को बैकुंठपुर में भव्य आयोजन होने जा रहा है। जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग, देवस्थानों से जुड़े संगठनों और सामाजिक समितियों के समन्वय से यह कार्यक्रम प्रेमाशंकर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।
जानकारी के अनुसार आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना और जनभागीदारी का विशेष संदेश दिया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
देवरहा बाबा समिति और मंदिर समिति के समन्वय से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और लाइव प्रसारण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी पर्यटन/पुरातत्व ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़ा जनजागरण अभियान भी है। कार्यक्रम का जिला स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसके लिए तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उल्लेखनीय है कि संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” मनाया जा रहा है। यह आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
11 मई को गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति रहेगी। इसी कार्यक्रम का राज्य और जिला स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसे लेकर कोरिया जिले में भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और सनातन संस्कृति के इस ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनें।
