दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में मंगलवार को एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस मर्मांतक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें एक 4 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
धमाके से दहला गांव, संभलने का नहीं मिला मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खपरी गांव में दोपहर एक मकान में अचानक जोरदार धमाका हुआ। सिलेंडर ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि पल भर में ही आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के भीतर मौजूद सदस्यों को बाहर निकलने का अवसर ही नहीं मिल सका। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की विकराल लपटों के सामने बेबस नजर आए।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद घर से चार झुलसे हुए शव बरामद किए गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल और कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत जिले के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जांच में जुटा प्रशासन
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण गैस रिसाव के बाद हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है, हालांकि फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे खपरी गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।
