मनेन्द्रगढ़। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व कलेक्टर एमसीबी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना था।
साइकिल रैली की शुरुआत मनेन्द्रगढ़ स्थित सुरभि पार्क से हुई। 18वीं बटालियन के प्रमुख संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करें, जिससे प्रदूषण में कमी आए और स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहे।
रैली में एसडीएम लिंगराज सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे, पतंजलि योग समिति के प्रदेश प्रभारी संजय अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, राम चरित द्विवेदी,सतीश द्विवेदी, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि पंकज जैन संचेती, समाजसेवी सरजू यादव, समाजसेविका अनीता फरमनिया, निधि अग्रवाल, प्रिया विश्वकर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए लोगों को फिट रहने, ईंधन की बचत करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। रैली के दौरान “स्वस्थ रहें, साइकिल चलाएं”, “हरित पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” और “प्रदूषण मुक्त भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि साइकिल चलाने से न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ती है, बल्कि हृदय रोग, मोटापा और मधुमेह जैसी बीमारियों के जोखिम को भी कम किया जा सकता है। साथ ही यह पर्यावरण अनुकूल परिवहन का एक सस्ता और प्रभावी माध्यम है।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली नगरवासियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुई। कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के प्रति लोगों में नई जागरूकता का संचार किया। रैली के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों और आयोजकों की सराहना की गई।
