मनेन्द्रगढ़। शहर के सुरभि पार्क में रविवार की सुबह स्वास्थ्य, उत्साह और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़ के प्रमुख संजय शर्मा के नेतृत्व में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम में योग, जुम्बा और साइकिलिंग की त्रिवेणी ने लोगों को फिटनेस का नया संदेश दिया। कार्यक्रम में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ‘ऐ प्रयागराज है’ तथा ‘महुआ झरे’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुन पर जमकर थिरके।

सर्वप्रथम सुरभि पार्क में योग सत्र आयोजित किया गया। योग साधक सतीश उपाध्याय ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
योग के पश्चात लगभग आधे घंटे तक चले जुम्बा सत्र ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया। संगीत की धुनों पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने एक साथ कदम मिलाकर फिटनेस और मनोरंजन का आनंद लिया। जुम्बा के दौरान पार्क का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं लग रहा था।

इस आयोजन की विशेष आकर्षण एमसीबी कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े रहीं, जिन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर जुम्बा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने अन्य प्रतिभागियों के साथ ताल से ताल मिलाते हुए पसीना बहाया और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को प्रेरित किया। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।
इस अवसर पर 18वीं बटालियन के प्रमुख संजय शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “यहां आने से पहले अपनी सारी झंझटें और चिंताएं बाहर छोड़कर आइए, फिर देखिए आप अपने आप को कितना तरोताजा महसूस करते हैं। योग, साइकिलिंग और जुम्बा शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को भी प्रसन्न और सकारात्मक बनाते हैं।”

उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को सुरभि पार्क में इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाना है।
कार्यक्रम में अनुभागीय अधिकारी एल.आर. सिदार, पतंजलि योग समिति के प्रदेश प्रभारी संजय अग्रवाल, अशोक केसरवानी, सुमित अग्रवाल, नपा अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, कृष्णकांत ताम्रकार, समाजसेवी अनीता फरमानिया, पदम चंद्र अग्रवाल, श्रीमती रत्ना जैन, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के पंकज जैन संचेती,संजीव ताम्रकार,योग साधक विवेक तिवारी, श्रीमती रजनी अग्रवाल, जगदंबा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और योग प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला अभिनव प्रयास बताया।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि योग, जुम्बा और साइकिलिंग जैसे सामूहिक आयोजन न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज में आपसी जुड़ाव और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं।
