दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है सरकार का संकल्प: श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने जताया सीएम का आभार; कहा— दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा शिक्षा पहुँचाना सरकार का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी (एमसीबी) जिले के युवाओं और स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। राज्य शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के नए भवन निर्माण के लिए 868.35 लाख रुपए (लगभग 8 करोड़ 68 लाख रुपए) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत की गई इस राशि में नर्सिंग के बुनियादी पाठ्यक्रम (Basic Courses) से लेकर ‘लोक स्वास्थ्य एकीकरण’ के तहत आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और भवन मद शामिल हैं। इस सुसज्जित भवन के बनने से अंचल के छात्र-छात्राओं को अब प्रशिक्षण के लिए सर्वसुविधायुक्त परिसर मिल सकेगा।

स्थानीय युवाओं को घर के पास मिलेगी क्वालिटी एजुकेशन
भवन निर्माण की इस बहुप्रतीक्षित मंजूरी पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। श्री जायसवाल ने कहा, “नर्सिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इस महाविद्यालय का अपना भवन बन जाने से मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के स्थानीय युवाओं को घर के नजदीक ही उच्च स्तर की मेडिकल शिक्षा मिल सकेगी। उन्हें अब पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।”
खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि हमारी सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि प्रदेश के सुदूर और वनांचल क्षेत्रों तक आधुनिक चिकित्सा शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जाए। मनेन्द्रगढ़ में नर्सिंग कॉलेज की इस मजबूत बुनियाद से न केवल पूरे संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, बल्कि अंचल के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
