दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में कारगिल विजय दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा का गरिमामय आयोजन

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में कारगिल विजय दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा का गरिमामय आयोजन


मनेन्द्रगढ़ :- प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक अत्यंत गरिमामयी एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा तथा भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना था। कारगिल विजय दिवस प्रतिवर्ष 26 जुलाई को भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और 1999 के ऑपरेशन विजय की ऐतिहासिक सफलता के स्मरण में मनाया जाता है।

प्रातः निर्धारित समय पर विद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में सभी विद्यार्थी अपने-अपने कक्षा शिक्षकों के साथ एकत्रित हुए। कार्यक्रम का शुभारम्भ गायत्री मंत्र एवं सामूहिक प्रार्थना से हुआ, जिसने सम्पूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक एवं अनुशासित बना दिया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्रा वैभवी द्वारा राष्ट्र के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई।


सभा के अगले चरण में प्राचार्य अश्वनी वर्मा तथा अन्य शिक्षकों द्वारा कारगिल युद्ध के अमर वीर कैप्टन विक्रम बत्रा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मौन रहकर उन वीर सपूतों के अमूल्य बलिदान को नमन किया, जिनकी वीरता ने भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए इतिहास रचा।


कार्यक्रम के दौरान हर्ष द्वारा नया शब्द तथा स्तुति द्वारा दैनिक सुविचार प्रस्तुत किया गया, जिसने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता एवं देशभक्ति को सर्वोच्च स्थान दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, संस्कारित एवं उत्तरदायी नागरिकों में निहित होती है।

संस्था की निदेशिका एवम् लोकप्रिय नेत्री श्रीमती पूनम सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्र के उन अमर वीरों के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का पावन अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। विद्यार्थी ही राष्ट्र का भविष्य हैं, अतः उनमें देशभक्ति, नैतिकता और सेवा-भाव का विकास ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”

इसके उपरान्त शिक्षिका श्रीमती प्रतिभा सिंह द्वारा प्रस्तुत ओजस्वी एवं भावपूर्ण कविता ने सम्पूर्ण सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से अभिभूत कर दिया। कविता के प्रत्येक शब्द ने वीर शहीदों के अद्वितीय पराक्रम और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को सजीव कर दिया।
कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति पर आधारित लघु नाटिका ने कारगिल युद्ध के संघर्ष, सैनिकों के त्याग तथा विजयगाथा का बखान किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। सम्पूर्ण सभा देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रही। इस अवसर ने विद्यार्थियों के हृदय में यह संकल्प और अधिक दृढ़ किया कि वे अपने कर्म, चरित्र एवं संस्कारों से राष्ट्र के गौरव को सदैव ऊँचा बनाए रखने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का सफ़ल संचालन कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अनुष्का सिंह तथा श्रुति द्वारा किया गया।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!