कोलकाता में कोल इंडिया की त्रिपक्षीय बैठक में उठे श्रमिक सुरक्षा के 25 बड़े मुद्दे, दुर्घटनाओं पर जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
मनेन्द्रगढ़/कोलकाता। कोल इंडिया लिमिटेड की त्रिपक्षीय बैठक 30 जुलाई 2026 को कोलकाता में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की कोयला खदानों में श्रमिक सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर व्यापक मंथन हुआ। बैठक में भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल ऑफ माइन्स सेफ्टी (डीजीएमएस), विभिन्न क्षेत्रों के डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ माइन्स सेफ्टी, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन, डायरेक्टर (टेक्निकल), अन्य निदेशक, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (सेफ्टी), सभी सहायक कंपनियों एवं सीएमपीडीआईएल के सीएमडी तथा महाप्रबंधक (सुरक्षा) सहित केंद्रीय श्रम संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में हिंद मजदूर सभा के राष्ट्रीय प्रतिनिधि एवं श्रमिक नेता अख्तर जावेद उस्मानी ने श्रमिक सुरक्षा से जुड़े 25 महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए कहा कि देश की कोयला खदानों में लगातार हो रही दुर्घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में 30 प्राणघातक खान दुर्घटनाओं में 40 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। यह केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता का संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो।
उस्मानी ने कहा कि बीसीसीएल की मुनीडीह वाशरी में हुई चार श्रमिकों की मौत सहित लगातार सामने आ रही घटनाएं यह दर्शाती हैं कि औसतन हर माह तीन से अधिक श्रमिक अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियम केवल दस्तावेजों तक सीमित न रहें, बल्कि खदानों में उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने 6 नवंबर 2025 को सोहागपुर क्षेत्र में हुई विद्युत दुर्घटना का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार ने घटना को छिपाने का प्रयास किया, जबकि दुर्घटना में श्रमिक की उंगली काटनी पड़ी थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की।
बैठक में कुसमुंडा परियोजना में हॉल रोड की कम चौड़ाई के बावजूद भारी डंपरों का संचालन कराने को गंभीर लापरवाही बताया गया। उन्होंने कहा कि इसी लापरवाही के कारण श्रमिक सत्यनारायण की मृत्यु हुई। वहीं बंगवार खान में एयर ब्लास्ट से हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इंड्यूस्ड ब्लास्टिंग जैसी सुरक्षित तकनीक अपनाई जाती तो हादसे को रोका जा सकता था। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

अख्तर जावेद उस्मानी ने कृष्णशिला खान में दुर्घटनाग्रस्त ठेका कर्मी बिहारी लाल पाण्डेय के बिना नियुक्ति पत्र के कार्यरत पाए जाने की जांच, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में लगातार हो रही दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच, बीसीसीएल में ठेका मजदूरों की बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा तथा सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट को माइन सेफ्टी कमेटी के समक्ष अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने की मांग रखी।
उन्होंने दीपिका माइंस दुर्घटना में इंडियन ऑयल कंपनी के श्रमिक को प्रधान नियोक्ता एसईसीएल द्वारा मुआवजा दिलाने, एसडीएल एवं एलएचडी ऑपरेटरों को प्रत्येक घंटे कार्य के बाद 15 मिनट का विश्राम देने तथा श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण हेलमेट, गमबूट और अन्य सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना पीपीई और अन्य सुरक्षा संसाधनों के श्रमिकों से काम लेने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
बैठक में इलेक्ट्रिशियनों की कमी को सीधी भर्ती से पूरा करने, सभी भूमिगत खदानों में मेन राइडिंग सिस्टम स्थापित करने, मेडिकल पोर्टल की प्रत्येक तिमाही समीक्षा, सेफ्टी टॉक को अधिक प्रभावी बनाने तथा बिना एसओपी और बिना पीपीई के ठेका श्रमिकों से कार्य कराने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा पर्यावरण स्वीकृति को उत्पादन लक्ष्य से जोड़ने की परंपरा समाप्त करने, भूमिगत खदानों में वायरलेस संचार व्यवस्था विकसित करने, नॉइस इंड्यूस्ड हियरिंग लॉस से प्रभावित श्रमिकों को लॉस ऑफ अर्निंग कैपेसिटी के आधार पर मुआवजा देने तथा डीजीएमएस के वर्ष 1975 के तकनीकी सर्कुलर में निर्धारित शोर सीमा को वर्तमान वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप संशोधित करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

अख्तर जावेद उस्मानी ने केवल मूल निर्माता अथवा स्वीकृत गुणवत्ता वाले स्पेयर पार्ट्स के उपयोग, सेफ्टी मैनेजमेंट प्लान की प्रभावी समीक्षा, अधिकारियों के अनिवार्य तकनीकी रिफ्रेशर प्रशिक्षण तथा अवैध उत्खनन रोकने के लिए खदानों की फेंसिंग कराने की भी मांग की। साथ ही मानसिक तनाव, एर्गोनॉमिक्स और खान सुरक्षा तकनीक पर अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कोल इंडिया प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बैठक के अंत में डीजीएमएस एवं कोल इंडिया प्रबंधन ने श्रमिक सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने, आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अख्तर जावेद उस्मानी ने कहा कि यदि बैठक में उठाए गए सुझावों को गंभीरता से लागू किया गया तो भविष्य में खान दुर्घटनाओं में कमी आएगी और श्रमिकों को अधिक सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
