मनेन्द्रगढ़। मारवाड़ी युवा मंच–तेजस्विनी शाखा एवं वी क्लब मनेन्द्रगढ़ समर्पण के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को प्रातः श्री राम मंदिर प्रांगण से महिला शक्ति वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। वॉकाथॉन में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश और कदमों में बदलाव का संकल्प लिए प्रतिभागियों ने शहर का भ्रमण कर लोगों को विभिन्न सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया।
वॉकाथॉन का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, अंगदान, नेत्रदान, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल सेवा तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि समाज में बदलाव केवल बातों से नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता से संभव है। महिलाओं एवं बालिकाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से प्रभावशाली बना दिया।

इस अवसर पर “जब नारी कदम बढ़ाती है, तो समाज नई दिशा पाता है” जैसे संदेशों के माध्यम से नारी शक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया गया। वॉकाथॉन के माध्यम से शहरवासियों से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने, नशे से दूर रहने, पर्यावरण की रक्षा करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।
आयोजन को सफल बनाने में तेजस्विनी शाखा की अनीता फरमानियासमेत सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सरस्वती विकास विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार पांडे, विजय नर्सरी स्कूल की संचालिका श्रीमती इंदिरा सेंगर तथा असफ ए एस पी एच एकादमिक हाइट्स के डायरेक्टर का आभार व्यक्त किया। तीनों शिक्षण संस्थानों से शिक्षिकाओं के साथ लगभग 50-50 बच्चों ने वॉकाथॉन में शामिल होकर सामाजिक जागरूकता के संदेश को मजबूती प्रदान की।

बच्चों की सहभागिता से कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया। विद्यार्थियों ने महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त समाज के संदेश को आमजन तक पहुंचाया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को सामाजिक अभियानों से जोड़ना भविष्य की पीढ़ी में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
वॉकाथॉन के दौरान आयोजकों ने “हमारा एक कदम, बदलाव की ओर हजार कदम” का संदेश देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। राम मंदिर प्रांगण से शुरू हुई वॉकाथॉन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः राम मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक संस्था के सदस्यों ने सभी महिलाओं, बालिकाओं, विद्यार्थियों, शिक्षिकाओं एवं सहयोगी शिक्षण संस्थानों का आभार व्यक्त किया। महिला शक्ति वॉकाथॉन ने मनेन्द्रगढ़ में सामाजिक जागरूकता के साथ नारी शक्ति, युवा सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

