मनेन्द्रगढ़ :- मनेन्द्रगढ़ में ‘राइनों कार्निवाल’ का आयोजन: फिटनेस, उत्साह और खेल प्रतियोगिताओं से गूंजा चैनपुर परिसर।

मनेन्द्रगढ़/चैनपुर। बेहतर स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18वीं (विशेष भारत रक्षित) वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चैनपुर द्वारा एक विशेष पहल के तहत ‘राइनों कार्निवाल’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 28 मार्च 2026 को प्रातः 06:30 बजे से 08:00 बजे तक वाहिनी परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न होगा।


इस कार्निवाल का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, फिटनेस के महत्व को समझाना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में व्ही क्लब मनेन्द्रगढ़ एवं बटालियन के फिटनेस विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में एरोबिक्स, जुम्बा और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित सभी वर्गों से रंग-बिरंगी वेशभूषा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है, जिससे कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया जा सके।


उल्लेखनीय है कि यह ‘राइनों कार्निवाल’ 18वीं वाहिनी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला भी संचालित की जा रही है।


इसी क्रम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में ‘बटालियन वारियर्स’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘बटालियन चैलेंजर्स’ को 17 रन से पराजित किया। मैच के नायक कप्तान प्रियांश रहे, जिन्होंने 49 रन बनाकर और 2 विकेट लेकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया।


खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग की रिले रेस में रोहन, राहुल, उमेश एवं प्रियांशु की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिमेश, आर्यन, रितेश एवं इयान की टीम द्वितीय रही। जूनियर वर्ग में अरमान, रियान, अविनाश एवं आरू की टीम प्रथम तथा हर्षल, प्रतीक, अनमोल एवं रमन की टीम द्वितीय स्थान पर रही।


इसके अलावा 100 मीटर दौड़ में सीनियर गर्ल्स वर्ग में रिया पासवान ने प्रथम और श्रेया यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर गर्ल्स में अवर्णिका मिश्रा प्रथम एवं अदिति यादव द्वितीय रहीं। सीनियर बॉयज वर्ग में प्रियांशु ने प्रथम तथा तन्मय ने द्वितीय स्थान हासिल किया, वहीं जूनियर बॉयज में कार्तिक प्रथम और आरव रात्रे द्वितीय स्थान पर रहे।


कार्यक्रम के अंतर्गत अन्य कई खेल एवं गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘राइनों कार्निवाल’ न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दे रहा है, बल्कि समाज में सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार कर रहा है।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!