Baikunthpur :- डायल 112 सेवा को और सशक्त बनाने की दिशा में पहल: बैकुंठपुर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।


बैकुंठपुर।आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में 27 मार्च 2026 दिन शुक्रवार को डायल 112 का एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सेवा को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया।


कार्यक्रम के दौरान डायल 112 सेवा की कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Emergency Response System) तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से पुलिस, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं एक ही नंबर पर तत्काल उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे संकट की स्थिति में आमजन को शीघ्र सहायता मिल पाती है।


कार्यशाला में सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, तकनीकी सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को कम करने और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सेवा की पहुंच बढ़ाने के लिए ठोस रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।


इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए, जिनके आधार पर भविष्य में डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया गया।


यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजेश साहू के पर्यवेक्षण में रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!