फर्जी आईपीएस बनकर करता था ठगी, सोने की मोटी चेन पहन रौब झाड़ता था शातिर आरोपी गिरफ्तार


सक्ति। सक्ति पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों से अवैध वसूली करने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश शुक्ला (53) के रूप में हुई है, जो मूलतः गोरखपुर का रहने वाला है।


पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को पुलिस का डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब दाउदनगर के छत्तर दरवाजा निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि चावल बाजार स्थित उनकी दुकान “आदित्य साड़ी महल” के पास एक व्यक्ति खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर धमका रहा है और 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी के दबाव में वह पहले ही 47 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका है।


मामले की जानकारी मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार दास के नेतृत्व में विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि वह फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को ठगता था।


पुलिस ने आरोपी के पास से कई फर्जी और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें आईपीएस लिखे चार नकली आईडी कार्ड, एआईए और सीआईए के फर्जी पहचान पत्र, एनआईए लिखी टी-शर्ट, पुलिस मुखबिर का फर्जी परिचय पत्र, एक राजनीतिक दल का आईकार्ड, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था का नियुक्ति पत्र और खाकी रंग की दो पुलिस टोपी शामिल हैं। इन्हीं सामानों के जरिए वह लोगों को भ्रमित करता था।


थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दाउदनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुक्रवार शाम उसे न्यायिक हिरासत में कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। खास बात यह रही कि आरोपी गले में लाखों रुपये की मोटी सोने की चेन पहनकर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करता था।
पुलिस टीम में दारोगा परमानंद कुमार, अभिषेक कुमार, सुदीश कुमार और विक्की कुमार शामिल रहे।

Share This News
Need Help?
error: Content is protected !!