कोरबा (छत्तीसगढ़): नशे की सनक और पकड़े जाने का खौफ: 7 साल के मासूम का कातिल गिरफ्तार जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम गणेशपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 7 वर्षीय मासूम बालक, आयान खुरसेंगा, की नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
लापता होने से शुरू हुई तलाश
घटनाक्रम की शुरुआत 2 अप्रैल को हुई, जब दोपहर के समय नन्हा आयान अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। शाम ढलने तक जब बाकी बच्चे घर लौट आए लेकिन आयान वापस नहीं पहुँचा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने पाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर तलाशी अभियान शुरू किया।
नशे की हालत में वारदात को दिया अंजाम
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही एक संदिग्ध युवक पर शक हुआ। जब उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जो सच उबला उसे सुनकर पुलिसकर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था। उसने तालाब के पास से आयान को बहला-फुसलाकर एकांत में ले गया। आरोपी की नीयत मासूम के साथ गलत काम करने की थी, लेकिन जब वह अपने नापाक मंसूबों में सफल नहीं हो पाया और उसे डर लगा कि बच्चा घर जाकर सबको सच बता देगा, तो उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

पत्थर से वार और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश
पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से मासूम के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने नन्हे आयान के शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया और सामान्य बनकर गांव में घूमता रहा।
पुलिस की कार्रवाई और गांव में तनाव
पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर कुएं से शव बरामद कर लिया गया है।
“हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या व साक्ष्य छुपाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।”
इस घटना के बाद से पूरे गणेशपुर और डोंगानाला क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। मासूम आयान की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
